उत्तराखंड - UPCL की टॉप बकायेदारों की सूची में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या का नाम भी शामिल, जानिए लाखों में है मामला
उत्तराखंड - बिजली बिल वसूली को लेकर उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) की सख्ती से सियासी हलकों में हलचल मच गई है। विद्युत खंड बागेश्वर द्वारा जारी टॉप बकायेदारों की सूची में राज्य की कैबिनेट मंत्री से लेकर पूर्व दिवंगत विधायक तक का नाम शामिल होने से मामला चर्चा का विषय बन गया है। ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता की ओर से जारी सूची के अनुसार 25 हजार रुपये से अधिक बकाया रखने वाले उपभोक्ताओं के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 300 बड़े बकायेदारों की सूची सार्वजनिक की गई है।
मंत्री के होटल पर करीब तीन लाख बकाया -
सूची में राज्य सरकार की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या का नाम प्रमुखता से दर्ज है। जानकारी के अनुसार कौसानी स्थित उनके होटल ‘रुद्राक्ष पैलेस’ पर 2,98,704 रुपये का बिजली बिल बकाया दर्शाया गया है। मामला सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।
दिवंगत विधायक का नाम भी सूची में -
टॉप बकायेदारों की सूची में चौथे स्थान पर पूर्व मंत्री एवं विधायक स्वर्गीय चंदन रामदास का नाम भी शामिल है। उनके नाम पर 2,85,990 रुपये बकाया बताए गए हैं। दिवंगत जनप्रतिनिधि के नाम पर लंबित बिल को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
लक्ष्य से साढ़े चार करोड़ पीछे वसूली -
ऊर्जा निगम को चालू वित्तीय वर्ष में सात करोड़ रुपये की वसूली का लक्ष्य मिला है। विभाग अब तक केवल 2.45 करोड़ रुपये ही वसूल कर पाया है। यानी लक्ष्य और उपलब्धि के बीच लगभग साढ़े चार करोड़ रुपये का अंतर बना हुआ है, जो विभाग के लिए चिंता का विषय है। कम वसूली को देखते हुए निगम ने बड़े बकायेदारों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। 25 हजार रुपये से अधिक बकाया रखने वाले 63 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे जा चुके हैं।