उत्तराखंड - महाशिवरात्रि पर केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि हुई घोषित, जानिए इस दिन भक्तों के लिए खुलेंगे द्वार
Kedarnath Temple Opening Date 2026 - महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर प्रदेश के शिवालयों में भगवान भोलेनाथ के भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। इसी शुभ दिन चारधामों में से एक पवित्र केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि और समय की विधिवत घोषणा की गई। बाबा केदार के शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में कपाट खुलने की तिथि तय की गई। मुख्य पुजारी टी. गंगाधर लिंग ने घोषणा करते हुए बताया कि इस वर्ष 22 अप्रैल (बुधवार) को प्रातः 8 बजे वृष लग्न में भगवान केदारनाथ के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाएंगे।
चारधाम यात्रा 2026 की तैयारियां भी जोरों पर हैं। धार्मिक परंपराओं और ज्योतिषीय गणना के आधार पर कपाट खुलने की तिथियां निर्धारित की जा रही हैं।
इससे पहले बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि 23 जनवरी को घोषित की जा चुकी है। बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को प्रातः 6:15 बजे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ खोले जाएंगे।
वहीं, गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने की आधिकारिक घोषणा अभी शेष है। परंपरा के अनुसार अक्षय तृतीया के दिन इन दोनों धामों के कपाट खोले जाते हैं और इसी दिन से चारधाम यात्रा का विधिवत शुभारंभ होता है। इस वर्ष अक्षय तृतीया का पर्व 19 अप्रैल को मनाया जाएगा, हालांकि इन धामों की तिथि की औपचारिक घोषणा अभी नहीं हुई है। महाशिवरात्रि के अवसर पर हुई इस घोषणा से श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है और चारधाम यात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं।