उत्तराखंड - एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, कार से चार हथियार और 237 कारतूस बरामद, फर्जी लाइसेंस भी मिले
काशीपुर (उधम सिंह नगर)। जिले के काशीपुर में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने मंगलवार देर शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से हथियारों का जखीरा और संदिग्ध लाइसेंस बरामद किए हैं। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। एसटीएफ की 10 सदस्यीय टीम ने मुखबिर की सूचना पर बड़े गुरुद्वारे के पास काली मंदिर क्षेत्र की पार्किंग में खड़ी कार संख्या UK18 P 5046 पर छापा मारा। तलाशी के दौरान वाहन से चार अलग-अलग प्रकार के हथियार रिवॉल्वर, पिस्टल और रायफल बरामद किए गए। इसके अलावा कार से कुल 237 कारतूस भी मिले हैं।
सूत्रों के अनुसार, एसटीएफ को वाहन में अवैध हथियार और फर्जी लाइसेंस रखे होने की गोपनीय सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के बाद निरीक्षक एमपी सिंह और अरुण कुमार के नेतृत्व में टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई को अंजाम दिया। बरामद दस्तावेजों में कई संदिग्ध शस्त्र लाइसेंस भी शामिल हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि एसटीएफ पिछले दो माह से बाहरी राज्यों से स्थानांतरित होकर आए शस्त्र लाइसेंसों की जांच कर रही है। हाल ही में काशीपुर में 10 फर्जी लाइसेंस मिलने के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया था। फिलहाल एसटीएफ यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार वैध हैं या अवैध रूप से रखे गए थे। साथ ही वाहन स्वामी की पहचान, हथियारों के स्रोत और इनके संभावित इस्तेमाल के उद्देश्य की भी गहन जांच की जा रही है। जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि कहीं इस मामले का संबंध किसी आपराधिक गिरोह या तस्करी नेटवर्क से तो नहीं है।
एसटीएफ निरीक्षक एमपी सिंह ने बताया कि जांच अभी प्रारंभिक चरण में है और कई महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाई जा रही हैं। जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शांत माने जाने वाले क्षेत्र में इतनी बड़ी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद होने से स्थानीय लोगों में चर्चा का माहौल है। सुरक्षा एजेंसियां मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच में जुटी हैं।