उत्तराखंड - गौचर में राज्यस्तरीय किसान दिवस कृषि मेला शुरू, केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री किसानों के बीच रहे
 

 

चमोली - किसान दिवस के अवसर पर चमोली जिले के गौचर में राज्यस्तरीय कृषि मेले की शुरुआत हो गई है। मेले में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत की और कई घंटे किसानों के बीच रहकर उनसे संवाद किया। मेले में पहाड़ी उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं, जहां स्थानीय अनाज, फल, सब्ज़ियां और पारंपरिक उत्पादों की प्रदर्शनी की गई है। इसके साथ ही खेती-किसानी से जुड़े आधुनिक कृषि उपकरण भी किसानों के लिए प्रदर्शित किए गए हैं।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मेले के दौरान पारंपरिक तरीके से चक्की चलाकर अनाज पिसाई की प्रक्रिया देखी और दूध बिलोकर पहाड़ी जीवनशैली को करीब से जाना। इस दौरान बड़ी संख्या में किसान और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

मेले के मैदान में पहाड़ की सीढ़ीनुमा खेती का मॉडल तैयार किया गया है। साथ ही बागवानी, पशुपालन और मत्स्य पालन से जुड़े मॉडल भी प्रदर्शित किए गए हैं। इनमें बदरी गाय, ट्राउट मछली पालन, कीवी उत्पादन सहित कई नवाचार किसानों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।