उत्तराखंड - अभिभावकों के लिए राहत भरी खबर स्कूल बसों का नहीं बढ़ेगा किराया, इतने दिन में आ जायेगा आदेश
देहरादून - उत्तराखंड के छोटे शहरों में स्कूल बसों के किराये को लेकर अभिभावकों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य परिवहन प्राधिकरण (एसटीए) की ओर से जल्द ही संशोधित आदेश जारी किया जाएगा, जिसमें स्पष्ट किया जाएगा कि छोटे शहरों में स्कूली बसों के किराये में किसी प्रकार की बढ़ोतरी नहीं की जाएगी। इससे नए शैक्षणिक सत्र में अभिभावकों की जेब पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा।
दरअसल, 25 मार्च को देहरादून में हुई एसटीए की बैठक में स्कूल बसों का न्यूनतम किराया 2200 रुपये तय किए जाने की बात सामने आई थी। इसके बाद सोशल मीडिया पर इस फैसले का विरोध शुरू हो गया। अभिभावकों ने इसे महंगाई के बीच अतिरिक्त आर्थिक बोझ बताते हुए खासकर छोटे शहरों के परिवारों पर पड़ने वाले असर को उठाया। लगातार बढ़ते विरोध और जनभावनाओं को देखते हुए अब परिवहन विभाग ने स्थिति स्पष्ट की है। विभाग के अनुसार, अभी तक किराया बढ़ाने संबंधी कोई आदेश जारी नहीं किया गया है और छोटे शहरों में किराया नहीं बढ़ाया जाएगा।
परिवहन आयुक्त बृजेश कुमार संत ने कहा कि एसटीए की बैठक में लिए गए फैसलों के आदेश दो से तीन दिन में जारी कर दिए जाएंगे। उन्होंने अभिभावकों से घबराने की जरूरत नहीं बताते हुए भरोसा दिलाया कि किसी तरह की अतिरिक्त आर्थिक परेशानी नहीं होने दी जाएगी। इस फैसले से छोटे शहरों के हजारों अभिभावकों को राहत मिलने की उम्मीद है।