उत्तराखंड- फेसबुक पर ‘KBC चेहरा पहचानो गेम’ के झांसे में आकर रुद्रप्रयाग के व्यक्ति ने गंवाए 1.5 करोड़ रुपये

 

देहरादून - देश के सबसे चर्चित टीवी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' (KBC) के नाम पर एक बार फिर साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। रुद्रप्रयाग जिले की उखीमठ तहसील निवासी 54 वर्षीय व्यक्ति से साइबर ठगों ने 8.5 लाख रुपये नकद और एक लग्जरी कार जीतने का लालच देकर 1.50 करोड़ रुपये हड़प लिए। ठगों की मांग पूरी करने के लिए पीड़ित ने अपने परिचितों और रिश्तेदारों से भी उधार लेकर रकम ट्रांसफर की थी। पीड़ित की तहरीर पर एसटीएफ ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


फेसबुक गेम से हुई ठगी की शुरुआत - 
शिकायत के अनुसार, 14 जनवरी 2026 को पीड़ित ने फेसबुक पर 'KBC चेहरा पहचानो' गेम में हिस्सा लिया था। इसके तुरंत बाद उनके पास 8.5 लाख रुपये इनाम जीतने का मैसेज आया। इसके बाद नितिन नाम के व्यक्ति ने व्हाट्सऐप के जरिए उनसे संपर्क किया और प्रोसेस फीस के नाम पर शुरुआती 1,550 रुपये जमा कराए।


विश्वास जीतने के लिए दिखाए फर्जी दस्तावेज- 
ठगों ने पीड़ित का भरोसा जीतने के लिए प्रधानमंत्री, देश के प्रमुख उद्योगपति और सदी के महानायक (अभिनेता) की तस्वीरों का इस्तेमाल किया। साथ ही भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के फर्जी दस्तावेज और अप्रूवल लेटर भी व्हाट्सऐप पर भेजे। ठगों ने पीड़ित को झांसा दिया कि उसने नकद राशि के साथ एक चार पहिया वाहन भी जीता है।

मार्च से सितंबर तक अलग-अलग खातों में भेजी रकम - 
इनाम की रकम और कार रिलीज कराने के नाम पर ठग कभी टैक्स तो कभी प्रोसेसिंग शुल्क के बहाने पैसे मांगते रहे। मार्च से सितंबर 2026 के बीच पीड़ित ने भारतीय स्टेट बैंक (SBI), बैंक ऑफ बड़ौदा, चमोली जिला सहकारी बैंक और उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के विभिन्न खातों में लगभग 1.50 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब लगातार और पैसों की मांग की जाने लगी, तब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने देहरादून स्थित साइबर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।



 "पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 318(4), 61(2) और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस संदिग्ध बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और ट्रांजेक्शन डिटेल्स के आधार पर गिरोह का पता लगा रही है।"  — अजय सिंह, एसएसपी (एसटीएफ)