उत्तराखंड - रोडवेज बस के ब्रेक हुए फेल, अपनी जान गंवाकर 34 जिंदगियां बचा गए बहादुर चालक बेनीराम भट्ट
लोहाघाट (चम्पावत) - उत्तराखंड रोडवेज के चालक की सूझबूझ से बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। धारचूला से टनकपुर जा रही यात्रियों से भरी रोडवेज बस का ब्रेक फेल होने पर चालक ने बस को पहाड़ी से टकराकर रोक दिया। इस दौरान चालक की मौत हो गई, जबकि बस में सवार सभी 34 यात्री सुरक्षित बच गए। जानकारी के अनुसार, टनकपुर डिपो की रोडवेज बस (यूके 07 पीए 3122) बुधवार सुबह धारचूला से 34 यात्रियों को लेकर टनकपुर के लिए रवाना हुई थी। सुबह करीब पौने 10 बजे लोहाघाट-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मरोड़ाखान-रायकोट के पास अचानक बस का ब्रेक फेल हो गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चालक बेनीराम भट्ट ने बस को खाई की ओर जाने से बचाने के लिए पहाड़ी से लगी दीवारों और पत्थरों की तरफ मोड़ दिया। बस कई स्थानों पर दीवार से टकराने के बाद रुक गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि टक्कर के दौरान चालक की ओर का दरवाजा खुल गया और तेज झटके के कारण बेनीराम भट्ट बस से बाहर जा गिरे। इसी दौरान बस का पहिया उनके ऊपर चढ़ गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक चालक की पहचान 40 वर्षीय बेनीराम भट्ट निवासी स्वाला बड़ौली, चम्पावत के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक की सूझबूझ और साहस के कारण बस खाई में गिरने से बच गई। यदि समय रहते बस को नियंत्रित नहीं किया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। प्रशासन ने भी चालक के प्रयासों की सराहना की है।