उत्तराखंड - पुलिस गश्ती वाहन को ट्रक ने मारी टक्कर, 200 मीटर तक घसीटती चली गई गाड़ी, SSI गंभीर घायल
हरिद्वार - जिले के लक्सर में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। बीती देर रात गश्त कर रही पुलिस टीम के वाहन को एक अनियंत्रित ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस की गाड़ी ट्रक के साथ करीब 200 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। हादसे में लक्सर कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक (एसएसआई) राजेश बिष्ट गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 11 बजे की है। लक्सर कोतवाली की पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने पुलिस के गश्ती वाहन को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर से पुलिस वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ट्रक के साथ काफी दूर तक घिसटता चला गया।
हादसे के समय पुलिस वाहन में एसएसआई राजेश बिष्ट, चालक कपिल देव, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार और होमगार्ड मनोज कुमार सवार थे। दुर्घटना में एसएसआई राजेश बिष्ट के पैर में गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे पुलिसकर्मियों को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय लोगों ने राहगीरों की मदद से ट्रैक्टर के जरिए दोनों वाहनों को अलग कराया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारी भी सक्रिय हो गए। घायल एसएसआई को तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।