उत्तराखंड - पार्किंग विवाद ने लिया हिंसक रूप, चौकी और अस्पताल में भी भिड़े दो पक्ष, 6 हिरासत में

 

उधम सिंह नगर - उत्तराखंड के रुद्रपुर में मामूली पार्किंग विवाद ने देर रात हिंसक झड़प का रूप ले लिया। रोडवेज बस स्टेशन के पास गाड़ी खड़ी करने को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर टूट पड़े, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों को बीच-बचाव करना पड़ा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया और घायलों को जिला अस्पताल भेजा। बाजार चौकी प्रभारी जितेंद्र खत्री के अनुसार, इस मामले में छह लोगों को हिरासत में लिया गया है।

बताया जा रहा है कि घटना के बाद दोनों पक्षों को बाजार चौकी लाया गया, लेकिन वहां भी विवाद शांत नहीं हुआ। चौकी परिसर के अंदर ही दोनों पक्ष फिर से भिड़ गए और हंगामा करने लगे। इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ भी बदतमीजी की, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। हैरानी की बात यह रही कि अस्पताल पहुंचने के बाद भी दोनों पक्षों के बीच विवाद जारी रहा। जिला अस्पताल परिसर में भी झड़प की स्थिति बन गई, जिसे पुलिस और अस्पताल स्टाफ की मदद से काबू किया गया। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस चौकी और अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थानों पर भी इस तरह की झड़प से यह साफ है कि आरोपियों में कानून का खौफ कम होता दिख रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।