उत्तराखंड - फिल्मी अंदाज में खुला अवैध अस्पताल का चिट्ठा, मरीज बनकर गई पटवारी, लेडी SDM ने मारा छापा, किया सील

 

उत्तराखंड- उधम सिंह नगर जिले के दिनेशपुर क्षेत्र में प्रशासन ने एक अवैध अस्पताल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया। अस्पताल में चल रही संदिग्ध गतिविधियों की जांच के लिए प्रशासन ने फिल्मी अंदाज में गुप्त जांच कराई। तहसील की एक महिला पटवारी को मरीज बनाकर अस्पताल भेजा गया, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन ने छापेमारी की कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार, अस्पताल के खिलाफ लंबे समय से बिना वैध अनुमति चिकित्सा सेवाएं संचालित करने तथा अवैध गर्भपात सहित अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। 


शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर गदरपुर की एसडीएम ऋचा सिंह ने विशेष जांच टीम गठित की। जांच के तहत महिला पटवारी को सामान्य मरीज बनाकर अस्पताल भेजा गया। गुप्त जांच में अस्पताल के संचालन और कार्यप्रणाली से जुड़ी कई अनियमितताएं सामने आईं। रिपोर्ट मिलने के बाद एसडीएम ऋचा सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने अस्पताल पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान अस्पताल संचालक आवश्यक लाइसेंस, पंजीकरण और अन्य वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच में कई गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर प्रशासन ने तत्काल अस्पताल को सील कर दिया। साथ ही संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

 

स्वास्थ्य विभाग मामले की विस्तृत जांच कर रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि अस्पताल में कब से अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही थीं और इससे कितने लोग प्रभावित हुए।

एसडीएम ऋचा सिंह ने कहा कि जनहित और स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गैरकानूनी गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन आगे भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रखेगा।