उत्तराखंड - इबोला वायरस को लेकर अलर्ट, अफ्रीकी देशों से आए इतने पर्यटकों की निगरानी शुरू, सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश

 

देहरादून - अफ्रीकी देशों में इबोला वायरस के बढ़ते खतरे को देखते हुए उत्तराखंड सरकार अलर्ट हो गई है। प्रदेश में अफ्रीकी देशों से पहुंचे 55 पर्यटकों की स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी शुरू कर दी है। इन सभी को 21 दिनों तक निगरानी में रखा जाएगा। वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने विमानपत्तन प्राधिकरण को निर्देश दिए हैं कि अफ्रीकी देशों से आने वाले अन्य यात्रियों की जानकारी भी समय पर उपलब्ध कराई जाए, ताकि संभावित संक्रमण की रोकथाम के लिए समय रहते कदम उठाए जा सकें।

विश्व स्वास्थ्य संगठन की रिपोर्ट का हवाला देते हुए विभिन्न अफ्रीकी देशों में इबोला संक्रमण को लेकर चिंता जताई गई है। कांगो, युगांडा, केन्या और नाइजीरिया समेत कई देशों का उल्लेख करते हुए भारत सरकार ने भी राज्यों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने अक्तूबर में सभी राज्यों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर तैयारियों की समीक्षा की थी। इसी क्रम में उत्तराखंड सरकार ने भी निगरानी और बचाव के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है।

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक अफ्रीकी देशों से उत्तराखंड पहुंचे 55 यात्रियों की सूची तैयार की गई है। इनकी 21 दिनों तक निगरानी होगी। इसके साथ ही विमानपत्तन प्राधिकरण के साथ समन्वय स्थापित कर विदेश से आने वाले यात्रियों की जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल निगरानी में शामिल किसी भी पर्यटक में इबोला संक्रमण के लक्षण सामने नहीं आए हैं।

एम्स ऋषिकेश में मॉकड्रिल, आइसोलेशन अस्पताल नामित - 
इबोला से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए एम्स ऋषिकेश में बृहस्पतिवार को मॉकड्रिल आयोजित की गई। इसमें संदिग्ध और संक्रमित मरीजों को अस्पताल लाने, उनकी जांच करने, भर्ती प्रक्रिया और उपलब्ध चिकित्सा संसाधनों की तैयारियों का परीक्षण किया गया। इसके बाद एम्स ऋषिकेश को इबोला के लिए आइसोलेशन अस्पताल नामित किया गया है।

देहरादून के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा के अनुसार, यात्रियों की श्रेणी के आधार पर निगरानी की व्यवस्था की गई है। प्रथम श्रेणी के यात्रियों की समुदाय स्तर पर निगरानी होगी, जबकि द्वितीय और तृतीय श्रेणी के यात्रियों पर निर्धारित एसओपी के तहत क्वारंटाइन और आइसोलेशन की व्यवस्था लागू की जाएगी।

रक्तवाहिकाओं के साथ लिवर और किडनी पर भी असर - 
राज्य सर्विलांस अधिकारी डॉ. पंकज सिंह के मुताबिक इबोला वायरस शरीर की रक्तवाहिकाओं को प्रभावित कर सकता है। इसके अलावा लिवर, किडनी और आंतों पर भी गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। संक्रमण के लक्षणों में बुखार, आंखों का लाल होना और शरीर पर लाल धब्बे शामिल हो सकते हैं। गंभीर मामलों में रक्तस्राव भी हो सकता है। उन्होंने बताया कि अफ्रीकी देशों से आए यात्रियों की 21 दिनों तक निगरानी की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की टीमें इस दौरान उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर रखेंगी।

स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडेय ने कहा कि इबोला वायरस के संभावित खतरे को देखते हुए प्रदेश सरकार पूरी तरह सतर्क है। सभी जिलों के सीएमओ और जिला अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए विशेष एडवाइजरी जारी की गई है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।