उत्तराखंड - दो साधुओं की हत्या का खुलासा, इस साजिश में की गई थी वारदात, तीन आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
Haridwar Crime - पथरी थाना क्षेत्र के फूलगढ़ स्थित पथरेश्वर मंदिर में दो साधुओं की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मंदिर की गद्दी पर कब्जा करने की साजिश और ब्लैकमेलिंग के चलते दोनों साधुओं की हत्या की गई थी। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक आरोपी की तलाश जारी है।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि सोमवार रात मंदिर परिसर में दो साधुओं की हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। मंदिर परिसर के पास खुदाई के दौरान दोनों साधुओं के शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान सेवा गिरी (38) और पारस गिरी (40) के रूप में हुई, जो उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के शुक्रताल के निवासी थे।
पुलिस जांच में पता चला कि दोनों साधु 14 जुलाई को मंदिर में आयोजित भंडारे में शामिल होने आए थे और तभी से मंदिर में ठहरे हुए थे। पूछताछ के दौरान सामने आया कि 18 जुलाई की रात मंदिर परिसर में कुछ संदिग्ध गतिविधियां हुई थीं। अगले दिन सुबह मंदिर परिसर में गड्ढा खोदते हुए लोगों को भी देखा गया। पुलिस ने इन्हीं तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और मामले का खुलासा किया।
जांच में यह भी सामने आया कि मंदिर की गद्दी पर कब्जा करने और ब्लैकमेलिंग से जुड़े विवाद के चलते आरोपियों ने दोनों साधुओं की हत्या कर शवों को मंदिर परिसर में दफना दिया। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद कई और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।