उत्तराखंड - इंस्टाग्राम पर हुआ प्यार, तीन बच्चों की मां प्रेमी संग हरियाणा पहुंची, पुलिस ने ढूंढा महिला ने आने से कर दिया मना 
 

 

Kumaon News - सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती एक विवाहिता के लिए प्रेम संबंध में बदल गई। जिले के एक गांव की तीन बच्चों की मां अपने पति और बच्चों को छोड़कर प्रेमी के साथ हरियाणा चली गई। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर महिला को खोज निकाला, लेकिन उसने घर लौटने से इनकार कर दिया।

जानकारी के अनुसार, महिला की पहचान पिथौरागढ़ जिले के कनालीछीना क्षेत्र के एक युवक से इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ने के साथ प्रेम संबंध स्थापित हो गए। कुछ समय बाद महिला अपने तीन छोटे बच्चों और पति को छोड़कर युवक के साथ हरियाणा चली गई।

मां के अचानक घर छोड़ने से बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इसके बाद परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने जांच के दौरान महिला को हरियाणा में तलाश लिया, लेकिन उसने अपनी मर्जी से प्रेमी के साथ रहने की बात कहते हुए वापस आने से इनकार कर दिया।

एसआई ललित डंगवाल ने बताया कि महिला बालिग है और कानूनन उसे जबरन वापस नहीं लाया जा सकता। वहीं, सीओ गोविंद बल्लभ जोशी ने बताया कि महिला अपने रिश्तेदारों की देखरेख में है और उसने जल्द घर लौटने की बात कही है। फिलहाल पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर ली है।