उत्तराखंड - शराब पीने के दौरान कहासुनी, सीने में चाकू मारकर युवक की हत्या, वारदात के बाद आरोपी फरार
उत्तराखंड - देहरादून में विकासनगर के थाना सेलाकुई क्षेत्र के जमनपुर में सोमवार देर रात शराब पीने के दौरान हुए विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान राजपाल (25) के रूप में हुई है। आरोप है कि उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के निवासी जितेंद्र कुमार ने कहासुनी के बाद राजपाल के सीने में चाकू से वार किया। गंभीर रूप से घायल युवक को पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से झाझरा स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
बेटी के जन्मदिन के दौरान हुआ विवाद -
थाना प्रभारी शैंकी कुमार के अनुसार, सोमवार देर रात कंट्रोल रूम के माध्यम से जमनपुर में युवक को चाकू मारने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल राजपाल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी जितेंद्र कुमार की बेटी का जन्मदिन था। इसी दौरान बिल्डिंग के पास रहने वाले राजपाल और जितेंद्र के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद हाथापाई तक पहुंच गया। दोनों के शराब के नशे में होने की बात भी सामने आई है। विवाद बढ़ने पर जितेंद्र ने कथित तौर पर राजपाल के सीने पर चाकू से वार कर दिया।
पहले भी हुआ था दोनों के बीच विवाद -
पुलिस के मुताबिक, राजपाल और जितेंद्र के बीच करीब 10 से 15 दिन पहले भी पीने-खाने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद से दोनों के बीच रंजिश चल रही थी। पुलिस घटना के पीछे के कारणों और विवाद से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
आरोपी की तलाश में दबिश -
वारदात के बाद आरोपी जितेंद्र कुमार मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। वहीं, मृतक के शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।