उत्तराखंड - अंकिता भंडारी प्रकरण के बीच LIU इंस्पेक्टर निलंबित, दिल्ली का धरना बना वजह, कार्रवाई के कारणों पर चर्चाएं तेज
उत्तराखंड - पौड़ी मुख्यालय में तैनात पुलिस विभाग की स्थानीय अभिसूचना इकाई (LIU) के निरीक्षक एसडी नेगी को निलंबित कर दिया गया है। हालांकि, निलंबन के पीछे की आधिकारिक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन इस कार्रवाई को अंकिता भंडारी प्रकरण से जोड़कर देखा जा रहा है। चर्चा है कि अंकिता भंडारी के पिता के दिल्ली में धरने पर बैठने की जानकारी समय रहते विभाग तक नहीं पहुंचने को लेकर यह कार्रवाई की गई है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सूत्रों के अनुसार, हाल ही में नई दिल्ली में अंकिता भंडारी के माता-पिता के धरने पर बैठने के बाद यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया। धरने में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के शामिल होने के बाद प्रकरण को राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक चर्चा मिली। इसी घटनाक्रम के बीच पौड़ी में तैनात LIU निरीक्षक के निलंबन की खबर सामने आई है।
राज्यपाल नियुक्ति पर बयान के बाद बढ़ी चर्चा -
बताया जा रहा है कि दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने के बाद अंकिता भंडारी के पिता ने पौड़ी में इस नियुक्ति को लेकर बयान दिया था। सूत्रों के मुताबिक, इस बयान से संबंधित जानकारी स्थानीय अभिसूचना इकाई ने उच्चाधिकारियों तक पहुंचाई थी।
इसके बाद अंकिता के पिता के दिल्ली जाने और वहां धरने में शामिल होने की सूचना स्थानीय अभिसूचना इकाई को समय रहते नहीं मिल पाने की चर्चा है। माना जा रहा है कि इसी घटनाक्रम को विभागीय स्तर पर गंभीरता से लिया गया। हालांकि, इस संबंध में पुलिस विभाग की ओर से कोई आधिकारिक कारण सामने नहीं आया है।
दिल्ली में धरने के बाद फिर चर्चा में आया मामला -
अंकिता भंडारी प्रकरण उत्तराखंड में लंबे समय से संवेदनशील मुद्दा रहा है। दिल्ली में उनके माता-पिता के धरने पर बैठने और राहुल गांधी के शामिल होने के बाद यह मामला फिर चर्चा में आ गया। इसके बाद पौड़ी में LIU निरीक्षक के निलंबन की कार्रवाई को भी इसी घटनाक्रम के संदर्भ में देखा जा रहा है।
फिलहाल निरीक्षक एसडी नेगी के निलंबन के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। ऐसे में विभागीय आदेश और पुलिस प्रशासन के आधिकारिक बयान के सामने आने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि कार्रवाई किन आधारों पर की गई है और क्या इसका अंकिता भंडारी प्रकरण से सीधे तौर पर कोई संबंध है।