उत्तराखंड - केदारनाथ धाम के खुल गए हैं कपाट, जयघोषों से गूंज उठी घाटी, मुख्यमंत्री धामी ने की विशेष पूजा-अर्चना 

 

Kedarnath Door Open - उत्तराखंड के विश्वप्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार सुबह शुभ मुहूर्त में विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलते ही पूरा धाम “हर-हर महादेव” और “जय बाबा केदार” के जयघोषों से गूंज उठा। हजारों श्रद्धालु इस पावन क्षण के साक्षी बने और बाबा केदार के दर्शन कर खुद को धन्य महसूस किया। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पत्नी संग धाम पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना की और राज्यवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। कपाट खुलने के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से पहली पूजा संपन्न हुई।

इस वर्ष मंदिर को करीब 51 कुंतल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया, जिसने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कपाट खुलते ही हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। देश-विदेश से आए श्रद्धालु इस अद्भुत दृश्य के साक्षी बने। इससे पहले बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह डोली ओंकारेश्वर मंदिर से रवाना होकर 17 किलोमीटर की कठिन यात्रा तय करते हुए केदारपुरी पहुंची। जंगलचट्टी, रामबाड़ा, लिनचोली और बेस कैंप होते हुए डोली मंगलवार शाम धाम पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया।

डोली ने मंदिर की परिक्रमा कर भंडार गृह में प्रवेश किया, जहां विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान सेना के बैंड और डमरू की धुनों से पूरा वातावरण शिवमय हो गया। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, जहां पुलिस और आईटीबीपी के जवान तैनात रहे। कपाट खुलने के साथ ही केदारनाथ यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रद्धालुओं से पांच संकल्प अपनाने की अपील की, जिनमें स्वच्छता बनाए रखना, पर्यावरण संरक्षण, सेवा भाव, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना और यात्रा नियमों का पालन करना शामिल है।

इस अवसर पर बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, पुजारी टी. गंगाधर लिंग, केदारसभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा और पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा केदार की भक्ति में लीन नजर आए।