उत्तराखंड - काशीपुर हाईवे चौड़ीकरण, बुलडोजर से हटा अतिक्रमण, डीडी चौक से गावा चौक तक 56 दुकानदार प्रभावित
उत्तराखंड - काशीपुर हाईवे के एक किलोमीटर लंबे चौड़ीकरण कार्य को गति देने के लिए प्रशासन ने बुधवार से अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू कर दिया। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने डीडी चौक से गावा चौक तक कार्रवाई करते हुए दुकानों के आगे की गई संकेतिक मार्किंग के अनुसार बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाया।
प्रशासन के अनुसार करीब 13.72 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित इस परियोजना के तहत सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा, जिससे लगभग 56 दुकानदार प्रभावित होंगे। अधिकारियों का कहना है कि लंबे समय से अतिक्रमण के कारण यह परियोजना अटकी हुई थी। अभियान के बाद अब जल संस्थान क्षेत्र की पेयजल पाइपलाइनें शिफ्ट करेगा, जबकि ऊर्जा निगम बिजली के पोल और ट्रांसफार्मरों को स्थानांतरित करेगा। इन कार्यों के पूरा होने के बाद सड़क चौड़ीकरण का निर्माण तेज गति से शुरू किया जाएगा।
वहीं, कार्रवाई का स्थानीय व्यापारियों ने विरोध किया। व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा ने कहा कि त्योहारों के नजदीक इस तरह की कार्रवाई से व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान होगा। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित दुकानदारों के हितों का भी ध्यान रखने की मांग की। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि हाईवे चौड़ीकरण परियोजना जनहित और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक है तथा इसे निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के उद्देश्य से अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।