उत्तराखंड - हिमाचल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, रुद्रपुर से आबकारी दरोगा सहित चार कर्मचारियों को उठाया, जानिए वजह
रुद्रपुर - हिमाचल प्रदेश से चोरी हुई तिजोरी के मामले की जांच के दौरान उत्तराखंड के रुद्रपुर में आबकारी विभाग के एक दरोगा समेत चार कर्मचारियों पर नेपाल निवासी महिला और उसके साथी से 80 हजार रुपये और करीब आधा किलो सोना लेने का आरोप लगा है। मामले में हिमाचल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आबकारी दरोगा देवेंद्र कुमार, सिपाही बलजीत सिंह, उपनल कर्मचारी पप्पू लाल और पीआरडी कर्मी नईम को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, आठ सितंबर को रामपुर बॉर्डर के पास आबकारी टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक कार में नेपाल निवासी करिश्मा और उसका साथी मिले। कार से टूटी हुई तिजोरी बरामद होने की बात सामने आई। आरोप है कि पूछताछ के दौरान आबकारी विभाग के कर्मचारियों ने महिला और उसके साथी से 80 हजार रुपये और करीब आधा किलो सोना ले लिया और उन्हें छोड़ दिया।
बाद में महिला ने शिमला निवासी अपने पूर्व नियोक्ता को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर हिमाचल पुलिस रुद्रपुर पहुंची और एसएसपी अजय गणपति से संपर्क किया। इसके बाद संयुक्त जांच में मामले से जुड़े तथ्यों और आरोपों की कड़ियों को जोड़ा गया।
पुलिस कार्रवाई के दौरान चारों कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के कब्जे से नकदी और सोना बरामद होने की बात सामने आई है। वहीं, पुलिस अब नेपाल निवासी महिला करिश्मा और उसके साथी की तलाश कर रही है। मामले में हिमाचल पुलिस की जांच जारी है।