उत्तराखंड - फरवरी के दूसरे सप्ताह से शुरू होंगी हाईस्कूल-इंटर की परीक्षाएं, 1270 केंद्रों पर इतने लाख परीक्षार्थी देंगे परीक्षा
उत्तराखंड - राज्य में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं फरवरी 2027 के दूसरे सप्ताह से शुरू होंगी। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने परीक्षा के सफल संचालन के लिए प्रदेशभर में 1270 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए हैं। इनमें 146 केंद्र संवेदनशील और पांच केंद्र अति संवेदनशील घोषित किए गए हैं। इन केंद्रों पर परीक्षा के दौरान विशेष निगरानी रखी जाएगी।
बोर्ड परीक्षा 2027 की तैयारियों को लेकर माध्यमिक शिक्षा निदेशालय में शिक्षा विभाग और उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद के अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में परीक्षा केंद्रों के निर्धारण के साथ सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई। तय किया गया कि इस बार कुल 1270 केंद्रों पर परीक्षाएं आयोजित होंगी। इनमें 49 एकल और 1221 मिश्रित परीक्षा केंद्र शामिल हैं। पिछले वर्ष 2026 की तुलना में इस बार नौ परीक्षा केंद्र बढ़ाए गए हैं।
परीक्षा में प्रदेशभर से कुल 2,08,424 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इनमें हाईस्कूल के 1,09,282 और इंटरमीडिएट के 99,142 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षार्थियों की संख्या के लिहाज से हरिद्वार जिला सबसे आगे है। यहां 48,320 विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे, जबकि चंपावत में सबसे कम 5,277 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा केंद्रों की संख्या के मामले में टिहरी जिला सबसे आगे है। यहां 136 केंद्र बनाए गए हैं, जबकि चंपावत में सबसे कम 45 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
नैनीताल में सबसे अधिक संवेदनशील केंद्र -
बोर्ड परीक्षा के लिए प्रदेश के 146 केंद्रों को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। इनमें नैनीताल जिले में सबसे अधिक 38 संवेदनशील परीक्षा केंद्र हैं। ऊधमसिंह नगर 37 संवेदनशील केंद्रों के साथ दूसरे स्थान पर है। इसके अलावा हरिद्वार में 14, देहरादून में दो, रुद्रप्रयाग में चार, पिथौरागढ़ में 22, चंपावत में 11, बागेश्वर में सात और अल्मोड़ा में 11 केंद्र संवेदनशील घोषित किए गए हैं।
हरिद्वार के चार केंद्र अति संवेदनशील -
अति संवेदनशील परीक्षा केंद्रों की सूची में हरिद्वार जिला सबसे आगे है। यहां चार केंद्रों को अति संवेदनशील घोषित किया गया है। प्रदेश में कुल पांच केंद्र इस श्रेणी में रखे गए हैं। इन केंद्रों पर नकल और अन्य अनियमितताओं को रोकने के लिए विशेष निगरानी की व्यवस्था की जाएगी। बैठक में अधिकारियों ने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, आवश्यक सुविधाओं और परीक्षा संचालन से जुड़े इंतजाम समय से पूरे कर लिए जाएं, ताकि परीक्षाएं शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सकें।
बैठक में माध्यमिक शिक्षा निदेशक विनोद सिमल्टी, उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद के सचिव विनोद कुमार ढौंडियाल, अपर निदेशक गोविंद राम जायसवाल, अपर निदेशक गढ़वाल मंडल पीके बिष्ट, भूपेंद्र सिंह और त्रिभुवन सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।