उत्तराखंड - हरकी पैड़ी पर जिंदा पत्नी का किया ‘पिंडदान’ फोटो गंगा में बहाया, जानिए पति को ऐसा क्यों करना पड़ा
हरिद्वार - धर्मनगरी हरिद्वार स्थित विश्वप्रसिद्ध हरकी पैड़ी पर आस्था से खिलवाड़ का एक मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक कथित वीडियो ने तीर्थनगरी में हड़कंप मचा दिया है। वीडियो में एक व्यक्ति अपनी पत्नी की फोटो के साथ कथित रूप से अशोभनीय व्यवहार करता दिखाई दे रहा है और बाद में उसे गंगा में प्रवाहित करता है। साथ ही वह गंगा में पिंडदान करते हुए भी नजर आ रहा है।
पत्नी के रील बनाने से था नाराज -
दावा किया जा रहा है कि संबंधित व्यक्ति सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हेमा चौधरी के पति हैं अपनी पत्नी की रील बनाने की आदत से नाराज था, जिसके चलते उसने यह विवादित कदम उठाया। हालांकि इस घटना की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। वीडियो सामने आने के बाद तीर्थ पुरोहितों और हिंदूवादी संगठनों में भारी आक्रोश है। गंगा सभा ने इस मामले की शिकायत पुलिस से की है और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हरकी पैड़ी जैसे पवित्र स्थल पर इस तरह की घटनाएं आस्था को ठेस पहुंचाती हैं। इससे पहले भी घाटों पर अनुचित व्यवहार और वीडियो बनाने के कई मामले सामने आ चुके हैं, जिससे प्रशासन के सामने चुनौती बढ़ती जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और वीडियो की सत्यता व स्थान की पुष्टि की जा रही है।