उत्तराखंड - गुलदार का आतंक, डेढ़ वर्षीय बच्ची को घर से उठा ले गया, जंगल से बरामद हुआ शव, इलाके में दहशत

 

कोटद्वार - लैंसडौन तहसील क्षेत्र के विकासखंड जयहरीखाल अंतर्गत ग्राम पंचायत बरस्वार में शनिवार शाम गुलदार ने घर के आंगन में खेल रही डेढ़ वर्षीय बच्ची को उठाकर जंगल में ले जाकर मार डाला। करीब दो घंटे बाद बच्ची का शव जंगल से बरामद किया गया। हृदयविदारक घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बरस्वार निवासी जितेंद्र कुमार की डेढ़ वर्षीय पुत्री याशिका शनिवार शाम करीब 6:30 बजे अपने माता-पिता के साथ घर के आंगन में थी। इसी दौरान अचानक गुलदार ने हमला कर दिया और माता-पिता की आंखों के सामने बच्ची को उठाकर जंगल की ओर ले गया। घटना के बाद माता-पिता की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्ची की तलाश शुरू की गई।

लगातार खोजबीन के बाद रात करीब नौ बजे पालकोट जंगल क्षेत्र में बच्ची का शव बुरी हालत में बरामद हुआ। सूचना मिलते ही लैंसडौन वन विभाग की टीम और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की तैयारी की जा रही है।

घटना के बाद बच्ची के दादा एवं पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य वीरेंद्र लाल के परिवार सहित पूरे गांव में शोक और भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को जल्द पकड़ने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।