उत्तराखंड - ड्यूटी के दौरान ट्रेन से कटकर गेटमैन की मौके पर हुई मौत, रेलवे अधिकारियों में मचा हड़कंप

 

काशीपुर - महुआखेड़ागंज के पास गिरधर रेलवे लाइन गेट पर बुधवार सुबह ड्यूटी के दौरान एक गेटमैन ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में गेटमैन अंकुर भारद्वाज की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे और आरपीएफ अधिकारियों में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार अंकुर भारद्वाज गिरधर रेलवे लाइन गेट पर गेटमैन के पद पर तैनात थे। बुधवार सुबह दिल्ली की ओर जा रही ट्रेन की चपेट में वह आ गए। हादसा इतना भीषण था कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ प्रभारी सुखवंत सिंह रेलवे अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे से संबंधित जानकारी जुटाई। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

आरपीएफ ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए काशीपुर भेज दिया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस और रेलवे अधिकारी हादसे की परिस्थितियों की जांच में जुटे हैं।