उत्तराखंड - भूकंप के झटकों से फिर डराया, जमीन से 11 किलोमीटर की गहराई में दर्ज किया गया केंद्र बिंदु
उत्तराखंड - उत्तराखंड में रविवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, दोपहर 12 बजकर 51 मिनट 44 सेकंड पर आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.7 मापी गई। भूकंप का केंद्र पिथौरागढ़ जिले के मूनाकोट क्षेत्र में जमीन से 11 किलोमीटर की गहराई में दर्ज किया गया। झटके महसूस होने के बाद कुछ लोग एहतियातन घरों से बाहर निकल आए। फिलहाल भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
भूकंप के बाद जिला और राज्य आपदा प्रबंधन विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। हालांकि, भूकंप की तीव्रता कम होने के बावजूद पर्वतीय क्षेत्र में इसके झटकों से लोगों में कुछ देर के लिए चिंता का माहौल रहा।
गौरतलब है कि उत्तराखंड के पड़ोसी तिब्बत क्षेत्र में 22 अक्टूबर को भी शक्तिशाली भूकंप आने की खबर सामने आई थी। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, वहां 7.0 तीव्रता के भूकंप से कई इलाकों में नुकसान हुआ था। इस घटना में 16 लोगों की मौत और 32 लोगों के घायल होने की जानकारी दी गई थी। तिब्बत में आए भूकंप के तीन दिन बाद उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में झटके महसूस होने से सीमावर्ती पर्वतीय क्षेत्रों में भूकंपीय गतिविधियों को लेकर चिंता बढ़ गई है।