उत्तराखंड - पिता के हत्याकांड में शामिल बेटी-दामाद को पुलिस ने जम्मू कश्मीर के कटरा से किया गिरफ्तार, आरोपी ने उगली वजह
अल्मोड़ा - उत्तराखंड के दन्यां के सेली गांव में हुए जघन्य हत्याकांड के आरोपित बेटी दामाद को पुलिस ने सात दिन में कटरा जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार कर लिया। आरोप हैं कि हरियाणा से पति के साथ सेली गांव पहुंची बेटी ने पिता चंद्रशेखर पांडे पर धारदार हथियार से हमला कर मौत के घाट उतार दिया था। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई थी। आरोपित दामाद का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है। पूछतांछ में आरोपी दामाद ने बताया कि उसने इसीलिए अपने ससुर की हत्या कर दी क्योंकि वह उसकी सास की पिटाई करता था।
इलाज के दौरान हुई मौत -
दन्यां के सेली गांव निवासी चंद्रशेखर पांडे की बीते 22 जून की रात अपने घर में लहूलुहान हालत में मिले थे। जिसके बाद ग्रामीणों ने घायल अवस्था में चंद्रशेखर को पहले नजदीकी फिर अल्मोड़ा अस्पताल पहुंचाया। अल्मोड़ा से चंद्रशेखर पांडे को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। जहां चंद्रशेखर ने दम तोड़ दिया।
मामले में मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मृतक के दामाद धर्मवीर शर्मा 28 वर्ष पुत्र विजेंद्र शर्मा निवासी शेजपुरा जिला हांसी, हरियाणा और मृतक की पुत्री जानकी पांडे 20 वर्ष पत्नी धर्मवीर शर्मा और मृतक की पत्नी खष्टी देवी के विरुद्ध हत्या के मामले में प्राथमिकी दर्ज की। जिसके बाद पुलिस की तीन टीमें आरोपित की तलाश में जुट गई।
सात दिन तक पुलिस ने अल्मोड़ा से लेकर हरियाणा तक आरोपितों की तलाश की। 26 जून को आरोपितों को पुलिस ने कटरा जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार किया। इसके बाद कटरा न्यायालय में पेशकर पुलिस आरोपितों को अल्मोड़ा लेकर पहुंची। जहां वैधानिक कार्रवाई पूरी कर आरोपितों को जेल भेज दिया गया है।