Uttarakhand Crime - यहाँ सुबह-सुबह ताबड़तोड़ फायरिंग, युवक की मौत, युवती गंभीर रूप से घायल, इलाके में मची सनसनी 

 

Uttarakhand Crime - रुड़की के झबरेड़ा कोतवाली क्षेत्र के झबरेड़ी कलां गांव में शनिवार सुबह गोलियों की गूंज से अचानक सनसनी फैल गई। करीब 8:45 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक ने दूसरे युवक और युवती पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस घटना में गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को उपचार के लिए झबरेड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान मुन्ना नाम के युवक ने दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल युवती (रूपा) की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया है।

पुलिस जांच में जुटी, आरोपी की तलाश जारी- 
वारदात की सूचना मिलते ही झबरेड़ा कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक, गोली चलाने का आरोप अमन नाम के युवक पर लगा है। फिलहाल पुलिस आरोपी की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और उसके बारे में जानकारियां जुटा रही है।

गोलीबारी किस वजह से हुई, इसका अभी स्पष्ट रूप से पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर मामले के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे गांव में दहशत का माहौल है।