Uttarakhand Crime - छात्रों के दो गुटों में खूनी झड़प, बीटेक छात्र की कर डाली हत्या, तीन आरोपी हिरासत में
Uttarakhand Crime - देहरादून जिले के प्रेमनगर क्षेत्र में छात्रों के दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प ने एक छात्र की जान ले ली। घटना में बीटेक के छात्र दिव्यांशु जाटराना गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पुलिस द्वारा तत्काल सरकारी वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, प्रेमनगर में किसी बात को लेकर दो छात्र गुट आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे। इस दौरान दिव्यांशु जाटराना, जो मूल रूप से ग्राम अथाई थाना भोपा, जिला मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) के निवासी थे और वर्तमान में प्रेमनगर में रह रहे थे, गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए आरोपियों में बीबीए छात्र युवराज कुमार (निवासी ग्राम चांदी आरा, जिला भोजपुर, बिहार), बीटेक छात्र मधुर (निवासी गंगापुर रोड, रुद्रपुर, उधमसिंह नगर) और शिवम शर्मा (निवासी बिस्वा सरिया नगर, गोला रोड, दानापुर, पटना, बिहार) शामिल हैं। तीनों अलग-अलग कॉलेजों में अध्ययनरत बताए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और झड़प के कारणों का पता लगाया जा रहा है। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।