उत्तराखंड - सीएम धामी ने दिल्ली में पीएम मोदी से की मुलाकात, देवभूमि के पारंपरिक उत्पाद किए भेंट

 

देहरादून - मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को उत्तराखंड की समृद्ध लोककला, संस्कृति और स्थानीय उत्पादों से जुड़ी विशेष वस्तुएं भेंट कीं। इनमें मलारी की पारंपरिक हस्तनिर्मित कोट की पट्टी, दोरखा (ऊनी वस्त्र), शुद्ध पहाड़ी शहद, बद्री घी, हर्षिल का राजमा और लाल चावल शामिल रहे। इसके साथ ही हरिद्वार कुंभ-2027 की भव्यता को प्रदर्शित करती मां गंगा की प्रतिकृति भी प्रधानमंत्री को भेंट की गई।

मुख्यमंत्री धामी ने मुलाकात की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को शक्तिशाली, सामर्थ्यवान और आत्मनिर्भर भारत का शिल्पकार बताते हुए कहा कि उनसे मुलाकात कर बहुमूल्य मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विकास और सुशासन के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है।

इस मुलाकात के दौरान उत्तराखंड के पारंपरिक उत्पादों और सांस्कृतिक विरासत को भी प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया। मलारी की हस्तनिर्मित वस्तुओं से लेकर हर्षिल के राजमा और लाल चावल तक, मुख्यमंत्री ने प्रदेश की स्थानीय पहचान और पारंपरिक उत्पादों को प्रधानमंत्री के सामने रखा। मुख्यमंत्री की ओर से भेंट की गई वस्तुओं में हरिद्वार कुंभ-2027 से जुड़ी मां गंगा की प्रतिकृति भी शामिल रही। इसके माध्यम से आगामी कुंभ आयोजन की धार्मिक और सांस्कृतिक महत्ता को प्रदर्शित किया गया।