उत्तराखंड - आज शुरू होगी मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना, युवाओं को मिलेगी मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग
 

 

देहरादून - प्रदेश के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर संसाधन और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ का शुभारंभ करेंगे। योजना के तहत राज्य के युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग के साथ गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।

योजना का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए समान अवसर उपलब्ध कराना है। सरकार का मानना है कि आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण किसी भी युवा के सपने प्रभावित नहीं होने चाहिए।

योजना के तहत प्रदेश के विश्वविद्यालयों तथा शासकीय और सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा दी जाएगी। इसके माध्यम से विद्यार्थी घर बैठे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे।

इन परीक्षाओं की तैयारी की सुविधा - 
‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ के तहत संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) और उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) की सिविल सेवा परीक्षाओं के अलावा रक्षा सेवाओं, बैंकिंग, रेलवे और कर्मचारी चयन आयोग (SSC) सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी।

ऑनलाइन कोचिंग के साथ विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उन्हें परीक्षा की तैयारी के लिए एक व्यवस्थित प्लेटफॉर्म मिल सके। सरकार की इस पहल को प्रदेश के युवाओं के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।