उत्तराखंड - जनगणना ड्यूटी में लापरवाही, 12 कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, यहां का सबसे ख़राब प्रदर्शन
देहरादून - नगर निगम क्षेत्र में जनगणना-2027 के कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। प्रशिक्षण कार्यक्रमों में लगातार अनुपस्थित रहने और जनगणना से संबंधित सामग्री प्राप्त न करने पर 12 कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। चार्ज अधिकारी-3, नगर निगम देहरादून की ओर से शहर कोतवाली को भेजी गई तहरीर के आधार पर दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। आरोप है कि विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारियों को जनगणना कार्य के लिए नियुक्त किया गया था, लेकिन इसके बावजूद कई कर्मचारी निर्धारित प्रशिक्षण सत्रों में शामिल नहीं हुए।
नगर निगम प्रशासन के अनुसार 21 से 23 अप्रैल तक पुनः प्रशिक्षण आयोजित किया गया था। इसके बाद 30 अप्रैल और 4 मई को अतिरिक्त प्रशिक्षण सत्र भी रखे गए, ताकि सभी कर्मचारियों को जनगणना कार्य की प्रक्रिया समझाई जा सके। इसके बावजूद कुछ कर्मचारी अनुपस्थित रहे और उन्होंने जनगणना बस्ता भी प्राप्त नहीं किया। चार्ज अधिकारी ने इसे प्रशासनिक आदेशों की अवहेलना बताते हुए जनगणना अधिनियम-1948 की संबंधित धाराओं का उल्लेख किया है। अधिनियम के तहत सरकारी कार्य में लापरवाही या कर्तव्य पालन से इनकार करने पर जुर्माना और सजा का प्रावधान है।
नगर निगम द्वारा अनुपस्थित कर्मचारियों की सूची पुलिस को सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की गई थी। शहर कोतवाली प्रभारी हरिओम राज चौहान ने बताया कि निगम प्रशासन की तहरीर के आधार पर 12 कर्मचारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।