Uttarakhand Budget Session - उत्तराखंड बजट सत्र में हंगामा, कांग्रेस विधायकों के विरोध के बीच स्पीकर सदन से उठकर गईं
Uttarakhand Budget Session - ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में चल रहे पांच दिवसीय बजट सत्र के दूसरे दिन सदन में जमकर हंगामा हुआ। चर्चा के दौरान कांग्रेस विधायकों ने सरकार और विधानसभा अध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए विरोध जताया, जिसके चलते सदन का माहौल गरमा गया।
विपक्षी विधायकों ने आरोप लगाया कि सदन में जबरन आदेश थोपे जा रहे हैं और विधानसभा अध्यक्ष सरकार के इशारों पर काम कर रही हैं। कांग्रेस विधायकों ने यह भी कहा कि उनके द्वारा पूछे गए सवालों और मांगी गई सूचनाओं को खारिज किया जा रहा है, जो संविधान और सदन की परंपराओं की अनदेखी है।
हंगामे के बीच कांग्रेस विधायक अपनी सीटों से उठकर विरोध जताने लगे। इस दौरान सदन में शोर-शराबा बढ़ने पर विधानसभा अध्यक्ष अपनी कुर्सी से उठकर बाहर चली गईं।बता दें कि आज बजट सत्र के दूसरे दिन सदन में कई अध्यादेश भी पटल पर रखे जाने हैं। वहीं विपक्ष लगातार सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने की रणनीति के तहत आक्रामक रुख अपनाए हुए है। वहीं स्पीकर ने सदन चलाने की अपील की है, सदन 05. 45 तक स्थगित कर दिया है ।