उत्तराखंड - कांस्य पदक विजेता उन्नति शर्मा का भव्य स्वागत, कॉमनवेल्थ जूडो में Bronze जीतकर बढ़ाया है देवभूमि का मान

 

देहरादून - स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों की जूडो प्रतियोगिता में 63 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीतने वाली उत्तराखंड की खिलाड़ी उन्नति शर्मा का बुधवार को देहरादून पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। खेल प्रेमियों, खेल विभाग के अधिकारियों, सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों ने फूल-मालाओं के साथ उन्नति का अभिनंदन किया।

उन्नति के सम्मान में डीएवी पब्लिक स्कूल में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्कूल के कोच पुनेश सिंह ने बताया कि उन्नति ने महज 11 वर्ष की उम्र में जूडो खेलना शुरू किया था। अपनी मेहनत और लगन के दम पर उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी शानदार प्रदर्शन किया है। एशियन स्तर की प्रतियोगिताओं में भी उन्नति ने रजत और कांस्य पदक अपने नाम किए हैं। स्वागत कार्यक्रम में उत्तराखंड राज्य स्तरीय खेल परिषद के अध्यक्ष कुलदीप बुटोला, सहायक निदेशक खेल संजीव पौरी और जिला खेल अधिकारी शभाली गुरुंग समेत कई खेल अधिकारी मौजूद रहे।

उन्नति ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और कोच को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार और कोच के निरंतर सहयोग से वह इस मुकाम तक पहुंच पाई हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे खेलों में रुचि लें और पूरी मेहनत व समर्पण के साथ अपने लक्ष्य को हासिल करने का प्रयास करें। उन्नति के पिता 12 गढ़वाल राइफल्स से सेवानिवृत्त हैं, जबकि उनकी माता ममता शर्मा गृहणी हैं। बेटी की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए मां ममता शर्मा ने कहा कि यह पूरे परिवार के लिए गर्व का क्षण है। वर्षों की मेहनत और संघर्ष का परिणाम आज सामने आया है। उन्होंने अन्य बच्चों को भी खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

उन्नति के कोच सतीश शर्मा ने कहा कि कांस्य पदक उनकी कड़ी मेहनत और प्रतिभा का परिणाम है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उन्नति लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं और उम्मीद है कि आने वाले समय में वह देश के लिए और बड़े पदक जीतेंगी।