Uttarakhand Accident - यहां हुआ दर्दनाक हादसा, 500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, ब्रेक फेल होने की आशंका, चार की मौत
Uttarakhand Accident - उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मसूरी में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। झड़ीपानी रोड स्थित कोल्हुखेत क्षेत्र में दिल्ली नंबर की मारुति सिलेरियो कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9:16 बजे 112 कंट्रोल रूम को दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और 108 एम्बुलेंस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। दुर्गम और गहरी खाई में उतरकर रेस्क्यू टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे से कुछ समय पहले कार सवारों ने पास की एक दुकान से सामान खरीदा था। जैसे ही सभी लोग वाहन में बैठे, तीव्र ढलान पर कार अचानक तेज़ी से आगे बढ़ने लगी। चालक वाहन पर नियंत्रण पाने का प्रयास करता रहा, लेकिन कार सड़क किनारे खाली प्लॉट को पार करते हुए सीधे गहरी खाई में जा गिरी। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ब्रेक फेल होना माना जा रहा है, हालांकि पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान सत्यप्रकाश (सोनीपत, हरियाणा), मनीत (19 वर्ष), सविता (48 वर्ष) निवासी गाजियाबाद और संगीता (46 वर्ष) निवासी करोलबाग, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दे दी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। प्रशासन ने लोगों से पहाड़ी मार्गों पर वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।