Uttarakhand Accident - राज्य में सड़क हादसों का सिलसिला जारी, यहां यूटिलिटी वाहन खाई में गिरा, एक महिला की मौत
Uttarakhand Accident News - उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला लगातार जारी है। ताजा मामला कालसी तहसील के बैराटखाई-गागंरोऊ मोटर मार्ग का है, जहाँ वायाधार के पास एक यूटिलिटी वाहन खाई में जा गिरा। हादसे में एक बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, यूटिलिटी वाहन गागंरोऊ गांव से विकासनगर की ओर जा रहा था। वाहन में चालक समेत लगभग आठ लोग सवार थे। जैसे ही वाहन वायाधार के पास पहुंचा, चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को खाई से बाहर निकालकर विकासनगर अस्पताल भेजा गया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
हादसे में मृतक महिला लूसो देवी (65 वर्ष), पत्नी नंदूदास, निवासी गागंरोऊ, कालसी बताई गई हैं। नायब तहसीलदार रविंद्र असवाल ने बताया, "घटना में एक महिला की मौके पर ही मौत हुई है। गंभीर रूप से घायलों को विकासनगर अस्पताल भिजवाया गया है। मृतका का पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई मौके पर की गई। पुलिस हादसे की असली वजह पता लगाने में जुटी हुई है।" राज्य में सड़कों की खतरनाक स्थिति और वाहन चालकों की लापरवाही लगातार हादसों का कारण बन रही है, जिससे लोगों की जान को खतरा बना रहता है।