उत्तराखंड - पति-पत्नी के बीच हुए झगड़े ने लिया खौफनाक रूप, मैनेजर ने वीडियो कॉल कर फंदा दिखाया, लगा ली फांसी
Rudrapur Crime - उत्तराखंड में उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद एक दर्दनाक घटना में बदल गया। मंगलवार को हुई तीखी बहस के बाद पत्नी अपने मायके सहारनपुर चली गई। इसके बाद आवेश में आकर पति जावेद ने पत्नी को वीडियो कॉल कर फांसी का फंदा दिखाया और आत्महत्या की धमकी दी। कॉल कटने के कुछ ही देर बाद उसने घर में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।
पुलिस के अनुसार, दोपहर करीब एक बजे महिला ने डायल 112 पर सूचना दी कि उसके पति ने वीडियो कॉल के दौरान आत्महत्या की बात कही है और अब फोन नहीं उठा रहा। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी अनिल मेहता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मेट्रोपोलिस विला स्थित फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे स्थानीय लोगों की मौजूदगी में तोड़ा गया। अंदर जावेद पंखे से स्टॉल के सहारे लटका मिला। पुलिस ने उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जो बुधवार को किया जाएगा। प्राथमिक जांच में घरेलू कलह को कारण माना जा रहा है, हालांकि अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है। एसपी क्राइम जितेंद्र चौधरी के अनुसार, मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है।