उत्तराखंड - बैणी-भुली योजना के तहत 5 लाख महिलाओं को मिलेगा पैसा, MP बिहार में भाजपा के लिए गेम चेंजर हुई थी योजना
देहरादून - उत्तराखंड सरकार की बैणी-भुली योजना के तहत प्रदेश की पांच लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक सहायता मिलने जा रही है। योजना की पहली किस्त दिसंबर माह में जारी की जाएगी। इसके तहत पात्र महिलाओं को दो किस्तों में प्रोत्साहन राशि सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी। सरकार इस योजना को महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में अहम कदम मान रही है।
ग्राम्य विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों, ग्रामीण आजीविका मिशन और स्वरोजगार से जुड़ी महिलाएं न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति दे रही हैं।
मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की महिलाएं कृषि, पशुपालन, स्थानीय उत्पादों के निर्माण और हस्तशिल्प जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। ग्राम्य विकास विभाग की ओर से महिलाओं को लखपति दीदी बनाने के साथ स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग, विपणन और महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बैणी-भुली योजना इन प्रयासों को और मजबूती देगी। इसका उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसर बढ़ाना और विकास की प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।
महिला वोट बैंक पर सरकार की नजर -
मध्य प्रदेश और बिहार में भाजपा की महिला-केंद्रित आर्थिक सहायता योजनाओं को चुनावी राजनीति में महत्वपूर्ण माना गया है। ऐसे में उत्तराखंड में बैणी-भुली योजना को भी महिलाओं तक सीधे आर्थिक लाभ पहुंचाने और उनके बीच सरकार की पहुंच मजबूत करने की पहल के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, योजना का वास्तविक प्रभाव राशि के समयबद्ध वितरण, पात्र महिलाओं तक पहुंच और आर्थिक आत्मनिर्भरता के अवसर तैयार करने पर निर्भर करेगा।