UKSSSC Exam - सहकारी निरीक्षक व एडीओ परीक्षा की तैयारी तेज, अभ्यर्थियों को इतने घंटे पहले पहुंचना होगा अनिवार्य
देहरादून - स्नातक स्तरीय परीक्षा के पेपर लीक प्रकरण के बाद उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) अब अगली भर्ती परीक्षा को लेकर सतर्कता बरत रहा है। आयोग आगामी 5 अक्तूबर को सहकारी समितियों में सहकारी निरीक्षक (वर्ग-2) और सहायक विकास अधिकारी (एडीओ-सहकारिता) के 45 पदों पर भर्ती परीक्षा आयोजित करने जा रहा है।
इस परीक्षा में अपेक्षाकृत कम संख्या में अभ्यर्थी होने के कारण इसे केवल देहरादून और नैनीताल जिलों के परीक्षा केंद्रों पर ही आयोजित किया जाएगा। आयोग ने दोनों जिलों के जिलाधिकारियों को पत्र भेजकर सभी परीक्षा केंद्रों की कड़ी जांच सुनिश्चित करने को कहा है, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की आशंका को पहले ही समाप्त किया जा सके।
पेपर लीक के बाद बदले नियम -
21 सितंबर को आयोजित स्नातक स्तरीय परीक्षा पेपर लीक मामले की एसआईटी जांच चल रही है। इस कारण सरकार ने फिलहाल परीक्षा की उत्तर कुंजी और परिणाम जारी करने समेत अन्य सभी प्रक्रियाएं एक माह के लिए रोक दी हैं। ऐसे में आयोग अब आगामी परीक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है।
कड़ी चेकिंग, दो घंटे पहले पहुंचना होगा जरूरी -
आयोग ने इस बार परीक्षा में सुरक्षा और पारदर्शिता के लिए कई नए नियम लागू किए हैं। परीक्षा केंद्र पर प्रवेश से पूर्व ही सभी अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाएगी। इस कारण अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा। देरी करने पर उन्हें परीक्षा में शामिल नहीं होने दिया जाएगा। जल्द ही आयोग इस परीक्षा के प्रवेश पत्र जारी करेगा, जिसमें सभी दिशा-निर्देश स्पष्ट रूप से दिए जाएंगे।