UK Board 12th Topper - टैक्सी चालक की बेटी ने इंटरमीडिएट में किया प्रदेश टॉप, दसवीं में भी गीतिका रहीं थी जिला टॉपर
UK Board 12th Topper - उत्तराखंड बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में एक प्रेरणादायक कहानी सामने आई है। सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज, चौरासी बागेश्वर की छात्रा गीतिका पंत ने इंटरमीडिएट में 98 प्रतिशत अंक हासिल कर पूरे प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया। सीमित संसाधनों के बावजूद उनकी इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि मेहनत और लगन के आगे परिस्थितियां मायने नहीं रखतीं।
गीतिका पंत के पिता चंद्रशेखर पंत पेशे से एक टैक्सी चालक हैं, जो कड़ी मेहनत कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि उनकी माता रितिका पंत गृहिणी हैं। साधारण परिवार से आने वाली गीतिका की सफलता के पीछे उनके माता-पिता का त्याग और निरंतर सहयोग अहम रहा है। गीतिका शुरू से ही मेधावी छात्रा रही हैं। इससे पहले उन्होंने हाईस्कूल परीक्षा में 97.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिला टॉपर बनने का गौरव हासिल किया था। उनके दादा स्वर्गीय केवलानंद पंत, जो एक सेवानिवृत्त शिक्षक थे, और दादी मुन्नी पंत ने भी उनकी पढ़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
परिणाम घोषित होते ही गीतिका के घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और हर कोई उनकी सफलता पर गर्व जता रहा है। परिवार की आंखों में खुशी के आंसू और चेहरे पर संतोष साफ झलक रहा है। गीतिका का सपना आगे चलकर इंजीनियर बनना है। उनका कहना है कि अनुशासन, कड़ी मेहनत और परिवार का सहयोग हो तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। उनकी यह सफलता न सिर्फ उनके परिवार, बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणा बन गई है।