हल्द्वानी - पूर्व सैनिक का थैला काटकर दो महिला चोरों ने 50 हजार रुपये उड़ाए, CCTV में कैद हुई वारदात
हल्द्वानी - नैनीताल रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की मुख्य शाखा के एटीएम परिसर में पूर्व सैनिक के थैले से 50 हजार रुपये चोरी होने का मामला सामने आया है। वारदात को दो संदिग्ध महिलाओं ने अंजाम दिया। घटना एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर महिलाओं की पहचान और तलाश में जुटी है।
हल्द्वानी - पूर्व सैनिक का थैला काटकर दो महिला चोरों ने 50 हजार रुपये उड़ाए, CCTV में कैद हुई वारदात pic.twitter.com/nxqptvOx1f
— News Today Network (@newstodaynetwo1) September 21, 2026
चांदनी चौक धुड़दौड़ा, मानपुर पश्चिम निवासी पूर्व सैनिक बहादुर सिंह 14 सितंबर को पेंशन की रकम निकालने SBI की मुख्य शाखा पहुंचे थे। बैंक काउंटर से 50 हजार रुपये निकालने के बाद उन्होंने रकम प्लास्टिक के थैले में रख ली। इसके बाद वह बैंक परिसर स्थित एटीएम में पासबुक अपडेट कराने चले गए।
बहादुर सिंह के अनुसार, पासबुक अपडेट कराने के दौरान दो महिलाएं उनके पास आकर खड़ी हो गईं। इनमें से एक महिला उनके काफी करीब खड़ी थी। उन्होंने महिला से थोड़ा दूर हटने को भी कहा, लेकिन कुछ देर बाद दोनों महिलाएं वहां से चली गईं। पासबुक अपडेट कराने के बाद जब उन्होंने अपना थैला देखा तो वह नीचे से कटा हुआ था और उसमें रखे 50 हजार रुपये गायब थे।
घटना के बाद पूर्व सैनिक ने हल्द्वानी कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने बैंक और एटीएम परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दोनों संदिग्ध महिलाएं पूर्व सैनिक के आसपास दिखाई दे रही हैं। पुलिस के मुताबिक, फुटेज के आधार पर उनकी पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
हल्द्वानी कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिलाओं की तलाश की जा रही है। पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।