उत्तराखंड - जंगल में घास काट रही दो महिलाओं पर भालू का हमला, एक की मौत दूसरी गंभीर, ग्रामीणों में आक्रोश 

 

उत्तराखंड - शुक्रवार सुबह जंगल में घास लेने गई दो महिलाओं पर भालू ने हमला कर दिया। हमले में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ आक्रोश है।

चमोली जिले के विकासखंड पोखरी की नैल ग्राम पंचायत के सिदेली गांव निवासी चंद्रशेखर की पत्नी विमला देवी (55) और गांव की ही लक्ष्मी देवी (42), पत्नी गजेंद्र नेगी, शुक्रवार सुबह गांव से कुछ दूरी पर स्थित बोगा जंगल में घास काटने गई थीं। इसी दौरान अचानक भालू ने दोनों महिलाओं पर हमला कर दिया। भालू से बचने के प्रयास में दोनों महिलाएं चट्टान से नीचे गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों महिलाओं को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद विमला देवी को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल लक्ष्मी देवी को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया।

तहसीलदार रामकिशोर ध्यानी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर घायल महिला को हायर सेंटर पहुंचाने के लिए हेलिकॉप्टर की व्यवस्था की गई थी, लेकिन खराब मौसम के कारण उड़ान नहीं भर सकी। इसके बाद घायल महिला को एंबुलेंस से हायर सेंटर भेजा गया।