नैनीताल - उफनती कोसी नदी में फंसे दो हाथी, वीडियो हुआ वायरल, प्रकृति से गजराज के संघर्ष की हैरान कर देने वाली तस्वीरें
रामनगर (उत्तराखंड) नैनीताल जिले में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित है और नदी-नाले उफान पर हैं। इसी बीच रामनगर के मोहान और कुमेरिया के बीच बहने वाली कोसी नदी का एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें दो विशालकाय जंगली हाथी तेज बहाव में बहते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों को प्रकृति की ताकत का अहसास करा रहा है।
नदी पार करते वक्त तेज बहाव में फंसे हाथी -
जानकारी के मुताबिक, यह हाथी का जोड़ा जंगल के भीतर से गुजरते हुए कोसी नदी में उतरा था। लेकिन अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने और बहाव तेज होने के कारण दोनों हाथी बीच धार में फंस गए। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे दोनों हाथी जान बचाने के लिए संघर्ष करते हुए तेज धार का सामना कर रहे हैं।
कुछ देर तक पानी में संघर्ष करने के बाद, दोनों हाथी अद्भुत फुर्ती और ताकत का परिचय देते हुए आखिरकार सुरक्षित किनारे तक पहुंचने में सफल रहे। इस नज़ारे को देखने वाले ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और इसे अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया।
ग्रामीणों ने बताया – मानसून में आम हैं ऐसे दृश्य -
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में इस तरह की घटनाएं अक्सर होती हैं, जब जंगली जानवर उफनते नदी-नालों में फंस जाते हैं। हालांकि हिरण, सांभर और तेंदुए जैसे जानवरों के बहने की घटनाएं पहले भी सामने आई हैं, लेकिन हाथियों को इस तरह संघर्ष करते पहली बार देखा गया है।
वन विभाग ने जारी की चेतावनी -
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कोसी नदी, जो कार्बेट टाइगर रिजर्व से होकर गुजरती है, मानसून के समय बेहद खतरनाक हो जाती है। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि नदी किनारों से दूरी बनाए रखें और किसी भी प्रकार के वन्यजीव से संपर्क से बचें।
सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं -
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। लोग इसे देख कर न सिर्फ हैरान हैं, हाथियों का यह संघर्ष और उनका सुरक्षित निकल आना एक प्रेरणादायक उदाहरण है कि प्रकृति की चुनौतियों से लड़ना केवल इंसानों की ही नहीं, जानवरों की भी हकीकत है। यह घटना हमें यह भी याद दिलाती है कि प्राकृतिक आपदाओं के समय सतर्कता और सह-अस्तित्व की भावना कितनी जरूरी है।