उत्तराखंड - आज बैकुंठ चतुर्दशी पर संतान की कामना में दीपक लेकर रातभर खड़े रहेंगे 200 दंपति, दो विदेशी जोड़े भी होंगे शामिल
उत्तराखंड - बैकुंठ चतुर्दशी पर श्रीनगर के प्राचीन कमलेश्वर महादेव मंदिर में संतान सुख की कामना को लेकर होने वाला खड़ दीपक अनुष्ठान विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। इस बार देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे करीब 200 दंपति पूरी रात हाथों में जलता दीपक लेकर भगवान शिव की आराधना करेंगे। इनमें दो विदेशी दंपति भी शामिल होंगे। श्रद्धालु पंचाक्षरी मंत्र का जाप करते हुए संतान प्राप्ति की कामना करेंगे। मंदिर के महंत 108 आशुतोष पुरी ने बताया कि अनुष्ठान के लिए अब तक करीब 200 दंपति पंजीकरण करा चुके हैं। इनमें मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, बरेली, लखनऊ, रुड़की, देहरादून, हल्द्वानी, बेंगलुरु और चेन्नई सहित विभिन्न शहरों के दंपति शामिल हैं। अनुष्ठान शुरू होने से कुछ घंटे पहले तक पंजीकरण की प्रक्रिया जारी रहेगी।
बैकुंठ चतुर्दशी पर मंदिर में हरि-हर मिलन की परंपरा भी निभाई जाएगी। इस दौरान भगवान शिव को तुलसी और भगवान विष्णु को बेलपत्र अर्पित किए जाएंगे। मंदिर परिसर को विद्युत लाइटों से सजाया गया है। श्रद्धालुओं के ठहरने, भोजन और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन और पुलिस की ओर से भी व्यवस्थाएं की गई हैं।
गोधूलि बेला में शुरू होगा अनुष्ठान -
खड़ दीपक अनुष्ठान की परंपरा के अनुसार, दंपति महिला के गर्भ स्थान पर कपड़े का पटका बांधकर उसमें पूजा सामग्री रखते हैं। इसके बाद मंदिर के महंत अखंड दीपक प्रज्वलित करते हैं। पति-पत्नी बारी-बारी से हाथों में जलता दीपक लेकर पूरी रात खड़े रहते हैं और भगवान शिव के पंचाक्षरी मंत्र का जाप करते हैं। सुबह पूजा के बाद दीपक भगवान शिव को अर्पित किया जाता है। इसके बाद दंपति गंगा स्नान, हवन और गोदान की धार्मिक परंपरा निभाते हैं। धार्मिक मान्यता है कि इस अनुष्ठान से भगवान शिव संतान सुख का आशीर्वाद देते हैं।
भगवान राम और कृष्ण से भी जुड़ी है मान्यता -
कमलेश्वर महादेव मंदिर की मान्यताएं त्रेतायुग और द्वापर युग से भी जुड़ी हैं। पौराणिक मान्यता के अनुसार, त्रेतायुग में भगवान राम ने रावण वध के पाप से मुक्ति के लिए यहां 108 कमल पुष्प अर्पित किए थे। वहीं द्वापर युग में भगवान कृष्ण ने जामवंती के आग्रह पर यहां पूजा-अर्चना की थी। मान्यता है कि माता पार्वती के आग्रह पर भगवान शिव ने इस रात्रि खड़ दीपक अनुष्ठान करने वाले दंपतियों को संतान सुख का वरदान दिया था। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक की ओर से भी भगवान शिव को सहस्र कमल पुष्प अर्पित किए जाएंगे।
365 दीपकों से होगा दीपदान -
बैकुंठ चतुर्दशी पर कमलेश्वर महादेव मंदिर में खड़ दीपक अनुष्ठान के साथ दीपदान का भी विशेष महत्व है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने और परिवार के सदस्यों के नाम से 365 दीपक अर्पित करते हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस दिन किया गया दीपदान पूरे वर्ष सुख-समृद्धि और खुशहाली का प्रतीक माना जाता है। इसके लिए मंदिर में विशेष व्यवस्था की गई है।