उत्तराखंड - विधानसभा चुनाव के लिए मांगी जाएंगी अर्द्धसैनिक बलों की इतनी कंपनियां, 10 हजार होमगार्ड भी होंगे तैनात

 

देहरादून - उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन आयोग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और संवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार से अर्द्धसैनिक बलों की 70 से अधिक कंपनियां मांगी जाएंगी। इसके अलावा दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश से करीब 10 हजार होमगार्ड भी बुलाए जाएंगे।

प्रदेश में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। हालांकि, चुनाव की तारीखों का निर्धारण आचार संहिता लागू होने के बाद होगा, लेकिन मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने अभी से व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। चुनाव प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए मतदान से लेकर मतगणना तक करीब 50 हजार कार्मिकों की तैनाती की कार्ययोजना तैयार की जा रही है।

चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, मतदान केंद्रों की सुरक्षा और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी के लिए 20 हजार से अधिक सुरक्षा कर्मियों को लगाया जाएगा। इनमें प्रदेश पुलिस के करीब 15 हजार जवान शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त केंद्र से अर्द्धसैनिक बलों की कंपनियां और दूसरे राज्यों से होमगार्ड मंगाए जाएंगे। बाहरी राज्यों से आने वाले होमगार्ड को स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय बनाकर विभिन्न क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा।

प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों और दुर्गम इलाकों में स्थित मतदान केंद्रों को देखते हुए सुरक्षा बलों की पर्याप्त उपलब्धता को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आयोग का प्रयास है कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहें।

सी-विजिल एप से होगी आचार संहिता उल्लंघन की निगरानी - 
विधानसभा चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता के अनुपालन पर नजर रखने के लिए सी-विजिल एप को भी सक्रिय किया जाएगा। इसके माध्यम से आम नागरिक आचार संहिता के उल्लंघन से जुड़ी शिकायतें और जानकारियां निर्वाचन आयोग तक पहुंचा सकेंगे। शिकायतों के आधार पर संबंधित टीम कार्रवाई करेगी।

हर मतदान केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी - 
चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रदेश के प्रत्येक मतदान केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके साथ ही निर्वाचन आयोग की निगरानी टीमों के लिए इस्तेमाल होने वाले वाहनों में जीपीएस लगाया जाएगा, जिससे उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। मतदान केंद्रों से मतदान प्रक्रिया का सजीव प्रसारण भी किया जाएगा।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत तैयारियों को अभी से अंतिम रूप दिया जा रहा है। सुरक्षा बलों की आवश्यकता के संबंध में केंद्र सरकार को पत्र भेजा जा चुका है। चुनाव से संबंधित अन्य व्यवस्थाओं पर भी काम किया जा रहा है।