उत्तराखंड में बढ़ रहा स्वाइन फ्लू का खतरा, अब तक 225 मामले सामने आए, इतने लोग हुए सही, पांच मरीजों की मौत

 

देहरादून - उत्तराखंड में स्वाइन फ्लू के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। प्रदेश में अब तक 225 मरीजों में स्वाइन फ्लू के लक्षण पाए गए हैं। इनमें सबसे अधिक 213 मामले देहरादून जिले में सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अब तक 158 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि पहले से गंभीर बीमारी से पीड़ित पांच मरीजों की मौत हुई है।

प्रदेश में देहरादून के अलावा हरिद्वार और नैनीताल जिले में भी स्वाइन फ्लू के मामले सामने आए हैं। बृहस्पतिवार को देहरादून जिले में 32 नए मरीजों में स्वाइन फ्लू के लक्षण पाए गए। लगातार सामने आ रहे मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, प्रदेश में स्वाइन फ्लू और मौसमी बुखार से ग्रसित मरीजों की लगातार निगरानी की जा रही है। गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों की मृत्यु होने पर डेथ ऑडिट कराया जा रहा है। अब तक हुई पांच मौतों में दो मृतकों में स्वाइन फ्लू का संक्रमण अधिक पाया गया है।

राज्य नोडल अधिकारी डॉ. पंकज सिंह ने बताया कि प्रदेश में स्वाइन फ्लू और मौसमी बुखार से पीड़ित मरीजों की गहन निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल प्रदेश में स्थिति सामान्य है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मरीजों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। विभाग के अनुसार, अब तक सामने आए 225 मामलों में 158 मरीज ठीक हो चुके हैं। वहीं, नए मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जिलों में निगरानी और उपचार व्यवस्था को सक्रिय रखा है।