नैनीताल- लोअर मॉल रोड की मरम्मत में देरी पर व्यापार मंडल अध्यक्ष का आज से अनिश्चितकालीन अनशन शुरू
नैनीताल - सरोवर नगरी नैनीताल में एक साल से अधिक समय से बंद पड़ी लोअर मॉल रोड की मरम्मत में हो रही देरी को लेकर व्यापार मंडल ने अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। माँ नयना देवी नैनीताल व्यापार मंडल के संस्थापक अध्यक्ष पुनीत टंडन शनिवार शाम चार बजे लोअर मॉल रोड स्थित मरम्मत स्थल पर लेटकर अनिश्चितकालीन विरोध प्रदर्शन शुरू करेंगे।
पुनीत टंडन का कहना है कि लोअर मॉल रोड की मरम्मत को लेकर कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग (PWD) की ओर से पहले अप्रैल, फिर मई और जून में कार्य पूरा करने की समयसीमा बताई गई थी। इसके बाद 15 अगस्त तक कार्य पूरा करने की डेडलाइन तय की गई, लेकिन निर्धारित समय तक भी सड़क का काम पूरा नहीं हो सका।
व्यापार मंडल अध्यक्ष ने पूर्व में ही पुलिस और प्रशासन को चेतावनी दी थी कि यदि 15 अगस्त तक सड़क का कार्य पूरा नहीं हुआ तो वह मरम्मत स्थल पर अनिश्चितकालीन लेटकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान वह केवल लिक्विड और पानी का सेवन करेंगे और आवश्यकता पड़ने पर अन्न-जल का भी त्याग कर सकते हैं।
पुनीत टंडन के मुताबिक, एक वर्ष से अधिक समय से लोअर मॉल रोड बंद होने के कारण नैनीताल आने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसका सीधा असर नगर के व्यापार पर भी पड़ रहा है।
वहीं, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रत्नेश सक्सेना से वरिष्ठ पत्रकार संजय नागपाल की बातचीत में बताया गया कि अब कार्य पूरा करने की समयसीमा बढ़ाकर 10 सितंबर कर दी गई है। उन्होंने निर्माण सामग्री समय पर नहीं पहुंच पाने के पीछे कांवड़ यात्रा के कारण उत्पन्न परिवहन संबंधी दिक्कतों को वजह बताया। विभाग का कहना है कि अब आवश्यक सामग्री मौके पर पहुंच चुकी है और काम में तेजी लाई जाएगी।
इधर, PWD विभागाध्यक्ष की ओर से व्यापार मंडल अध्यक्ष को भेजे गए बताए जा रहे एक पत्र को लेकर भी विवाद खड़ा हो गया है। यह पत्र सोशल मीडिया पर वायरल है, लेकिन पुनीत टंडन का कहना है कि उन्हें अब तक उक्त पत्र प्राप्त नहीं हुआ है।
पुनीत टंडन ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया और प्रिंट मीडिया के माध्यम से धरना-प्रदर्शन को लेकर भ्रम की स्थिति पैदा की जा रही है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांग को लेकर आंदोलन करना उनका अधिकार है।
उन्होंने कहा कि लेक सिटी नैनीताल में लोअर मॉल रोड को लंबे समय तक बंद रखना न केवल स्थानीय लोगों और पर्यटकों के लिए परेशानी का कारण है, बल्कि इससे पर्यटन कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। अब देखना होगा कि व्यापार मंडल अध्यक्ष के अनिश्चितकालीन आंदोलन के बाद प्रशासन और PWD इस मामले में क्या कदम उठाते हैं।