हल्द्वानी - न्याय विभाग ने संशोधित प्रेस विज्ञप्ति की जारी, त्रुटिवश गौलापार का हुआ था उल्लेख, पर बेलबाबा के पास बनेगा हाईकोर्ट  
 

 

हल्द्वानी - उत्तराखंड हाईकोर्ट के नए परिसर को लेकर चल रही अटकलों और भ्रम की स्थिति पर राज्य सरकार के न्याय विभाग ने शुक्रवार को आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर स्थिति स्पष्ट कर दी है। विभाग ने बताया कि हाईकोर्ट का नया परिसर हल्द्वानी के रामपुर रोड स्थित बेलबाबा मंदिर के सामने लगभग 40 हेक्टेयर भूमि पर विकसित किया जाएगा।

न्याय विभाग के अनुसार इससे पहले जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में त्रुटिवश गौलापार का उल्लेख हो गया था, जिससे लोगों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो गई थी। विभाग ने संशोधित प्रेस विज्ञप्ति जारी कर स्पष्ट किया कि हाईकोर्ट परिसर के लिए निर्धारित भूमि रामपुर रोड स्थित बेलबाबा मंदिर के सामने है और वहीं पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया हाईकोर्ट परिसर बनाया जाएगा।

सरकार का कहना है कि नए परिसर के निर्माण से न्यायिक व्यवस्था को बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिलेंगी तथा भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए परिसर का विकास किया जाएगा। न्याय विभाग की इस स्पष्टता के बाद हाईकोर्ट के प्रस्तावित स्थान को लेकर चल रही सभी अटकलों पर विराम लग गया है।