Kumaon Crime - घर के स्टोर रूम में एग्जॉस्ट फैन से लटका मिला जेई की पत्नी का शव, परिवार में मचा कोहराम
Kumaon Crime - पंतनगर के नगला क्षेत्र में मंगलवार रात एक विवाहिता का शव घर के स्टोर रूम में फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रुद्रपुर भेज दिया। घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस फिलहाल मामले को घरेलू कलह से जोड़कर जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार बिहार की मूल निवासी और वर्तमान में नगला क्षेत्र में किराए के मकान में रह रही काजल (27) पत्नी पवन कुमार अपने ससुराल पक्ष के साथ रहती थी। पवन कुमार पंतनगर विश्वविद्यालय के सामान्य खंड में संविदा पर जूनियर इंजीनियर (जेई) के पद पर कार्यरत हैं।
बताया गया कि मंगलवार शाम करीब सात से आठ बजे के बीच पवन कुमार अपने माता-पिता के साथ बाहर गए हुए थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य घर पर मौजूद थे। कुछ समय बाद परिजनों ने काजल को आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। तलाश के दौरान घर के स्टोर रूम का दरवाजा बंद मिला। जब दरवाजा खोला गया तो काजल लाल रंग की रस्सी के सहारे एग्जॉस्ट फैन से लटकी हुई मिली।
घटना के बाद परिजनों ने तत्काल उसे नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। स्टोर रूम की तलाशी के दौरान कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। पुलिस ने साक्ष्य सुरक्षित रखने के लिए कमरे को सील कर दिया। काजल को तत्काल जिला अस्पताल रुद्रपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि काजल की शादी वर्ष 2020 में पवन कुमार से हुई थी और उनकी डेढ़ वर्ष की एक बेटी भी है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि आत्महत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।