हल्द्वानी - दो महीने से लापता बुजुर्ग महिला का शव स्टोन क्रेशर के पीछे मिला, इलाके में सनसनी, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
हल्द्वानी - खेड़ा, गौलापार निवासी दो महीने से लापता चल रही बुजुर्ग महिला जीवंती सुयाल (84) का शव रविवार को क्षेत्र के एक स्टोन क्रेशर के पीछे संदिग्ध हालत में पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
जानकारी के अनुसार जीवंती सुयाल 26 नवंबर 2025 की दोपहर से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता थीं। परिजन लगातार उनकी तलाश में जुटे रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। बीते दिनों उनकी रामनगर निवासी बेटी चंपा जोशी और दामाद चंदशेखर जोशी ने पुलिस-प्रशासन से बुजुर्ग महिला की गुमशुदगी को लेकर खोजबीन की गुहार भी लगाई थी।
सोमवार को स्थानीय लोगों ने स्टोन क्रेशर के पीछे एक शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान जीवंती सुयाल के रूप में की। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
परिजनों का आरोप है कि वे पहले ही गुमशुदगी के पीछे साजिश की आशंका जता चुके थे। अब शव मिलने के बाद उन्होंने इसे हत्या का मामला बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। परिजनों के अनुसार जीवंती सुयाल बेहद सरल और शांत स्वभाव की महिला थीं तथा किसी से उनका कोई विवाद नहीं था।
बताया गया कि गुमशुदगी से कुछ दिन पहले ही बुजुर्ग महिला ने करीब एक करोड़ 80 लाख रुपये की जमीन बेची थी। ऐसे में परिजन आशंका जता रहे हैं कि उनकी गुमशुदगी और मौत का संबंध जमीन सौदे से हो सकता है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।