नैनीताल - किलबरी वन क्षेत्र में लापता उपनल कर्मी का शव मिलने से मची सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
नैनीताल - जिले के नैना वन क्षेत्र में लापता चल रहे उपनल कर्मी दयाल सिंह (53) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। उनका शव किलबरी वन विश्राम भवन के पास एक गधेरे में बरामद हुआ। जानकारी के अनुसार, दयाल सिंह किलबरी वन विश्राम भवन में चौकीदार के पद पर तैनात थे। 5 अप्रैल को ड्यूटी के दौरान वह अचानक लापता हो गए थे। काफी तलाश और खोजबीन के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं लग पाया था। वन विभाग के कर्मचारियों और परिजनों ने आसपास के जंगलों में व्यापक सर्च अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में मल्लीताल कोतवाली में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।
वन क्षेत्राधिकारी ललित मोहन कार्की ने बताया कि शव किलबरी गेस्ट हाउस के समीप गधेरे में मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। जांच अधिकारी मो. यूनुस के अनुसार, फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटा लिए हैं और जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद वन विभाग और पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है। फिलहाल यह मामला संदिग्ध बना हुआ है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है।