‘’ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी हल्द्वानी में उत्तराखंड का 25वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया’’
हल्द्वानी - ( जिया सती ) 9 नवंबर,ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, हल्द्वानी परिसर में उत्तराखंड राज्य के 25वें स्थापना दिवस को बड़े हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। यह दिन राज्य के गौरव, संस्कृति और विकास यात्रा को याद करने का अवसर बना। कार्यक्रम में छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने एकजुट होकर इस विशेष अवसर का जश्न मनाया और राज्य की समृद्ध परंपराओं को सम्मानपूर्वक प्रस्तुत किया।
समारोह का मुख्य आकर्षण छात्रों द्वारा दी गई शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ रहीं। पारंपरिक लोक गीतों और नृत्यों के माध्यम से उन्होंने उत्तराखंड की लोक संस्कृति की झलक पेश की। मंच पर प्रस्तुत रंगारंग कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरा परिसर उमंग और उत्साह से भर गया।
कार्यक्रम में योगाभ्यास की विशेष प्रस्तुति ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। छात्र ने विभिन्न योगासन प्रदर्शित कर यह संदेश दिया कि स्वस्थ शरीर और मन ही एक सशक्त समाज की नींव हैं। इस प्रस्तुति ने न केवल भारतीय संस्कृति की महानता को उजागर किया, बल्कि विद्यार्थियों को संतुलित और अनुशासित जीवन अपनाने की प्रेरणा भी दी।
समारोह के मुख्य अतिथि एवं निदेशक डॉ. एम.सी. लोहानी ने उपस्थित सभी को स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए प्रेरणादायक संबोधन किया। उन्होंने कहा कि यह दिन हमें उन वीर आंदोलनकारियों के बलिदान की याद दिलाता है, जिनकी वजह से उत्तराखंड राज्य का गठन संभव हुआ। डॉ. लोहानी ने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी शिक्षा और कौशल का उपयोग राज्य की प्रगति में करें और इसकी सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने का दायित्व निभाएँ।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रप्रेम और गर्व की भावना से हुआ। यह आयोजन न केवल छात्रों की प्रतिभा को प्रदर्शित करने का मंच बना, बल्कि उनके भीतर राज्य के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना को भी प्रबल किया। उत्तराखंड की रजत जयंती पर आयोजित यह समारोह यूनिवर्सिटी के लिए एक ऐतिहासिक और प्रेरणादायक क्षण साबित हुआ।