देहरादून - कांग्रेस के हाथ लगी राजधानी के जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी, सुखविंदर कौर बनीं अध्यक्ष, अभिषेक सिंह चुने गए उपाध्यक्ष
 

 

देहरादून - जिला पंचायत चुनावों में कांग्रेस ने अपना खाता खोलते हुए देहरादून जिला पंचायत चुनाव में बड़ी जीत हासिल की है। पार्टी ने जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर कब्ज़ा जमा लिया है। अध्यक्ष पद पर कांग्रेस की उम्मीदवार सुखविंदर कौर ने भाजपा की मधु चौहान को कड़े मुकाबले में हराया।
सुखविंदर कौर को कुल 17 वोट प्राप्त हुए, जबकि भाजपा प्रत्याशी मधु चौहान को केवल 13 वोट मिल पाए। कांग्रेस समर्थकों के बीच इस जीत को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला है ।

वहीं, उपाध्यक्ष पद पर भी कांग्रेस के अभिषेक सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 18 वोट हासिल किए। उनके प्रतिद्वंदी प्रत्याशी को 12 वोट ही प्राप्त हुए। अभिषेक सिंह की जीत ने कांग्रेस को दोहरी खुशी दी है और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती प्रदान की है। गौरतलब है अभिषेक सिंह कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह के बेटे हैं। 

पार्टी नेताओं ने इस जीत को जनता के भरोसे और संगठन की एकजुटता का परिणाम बताया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोनों विजयी उम्मीदवारों का जोरदार स्वागत कर जीत का जश्न मनाया।